Bihar Local News Provider

गोपालगंज : छात्रा के साथ छेड़खानी, आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा

जादोपुर थाना क्षेत्र के रामरतन शाही उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार की सुबह दौड़ लगा रही एक छात्रा के साथ कुछ युवक छेड़खानी करने लगे। इस बीच छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आते देख युवक फरार हो गए। युवकों के फरार होने के बाद थाना पहुंच कर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीण छेड़खानी करने वाले युवकों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक छात्रा सब इंस्पेक्टर बनने के लिए तैयारी कर रही है। प्रतिदिन की तरफ यह छात्रा सोमवार की सुबह जादोपुर राम रतन शाही उच्च विद्यालय के मैदान में दौड़ रही थी। इसी दौरान मैदान में मौजूद कुछ युवक छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगे। जिस पर छात्रा शोर मचाने लगी। शोर सुन ग्रामीणों को आते देख युवक वहां से फरार हो गए। छात्रा के साथ छेड़खानी से आक्रोशित ग्रामीण छात्रा को उसके घर पहुंचा कर थाना पहुंच गए तथा हंगामा करने लगे। ग्रामीण छेड़खानी करने वाले युवकों के गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। बाद में थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने ग्रामीणों को समझा कर शांत करा दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में छात्रा के परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।