Bihar Local News Provider

गोपालगंज : मरीज बनकर शैलेश ने की थी चिकित्सक के घर की रेकी

शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.आलोक कुमार सुमन के घर पर भीषण डकैती में योजना घटना को अंजाम देने के तीन महीने पहले की डकैतों ने बना ली थी। योजना बनाने के बाद डकैत गिरोह का सदस्य गोपालगंज पहुंच गया था। यह मरीज बन कर चिकित्सक के अस्पताल में इलाज कराने के बहाने आने जाने लगा। वह नाम बदल कर चिकित्सक के अस्पताल में भर्ती भी हुआ था। भर्ती के दौरान ही अस्पताल के कर्मियों से मेलजोल बढ़ा कर उसने चिकित्सक के घर के बारे में पूरी जानकारी ले ली। चिकित्सक के घर की रेकी करने के बाद इस गिरोह के अन्य सदस्य भी गोपालगंज पहुंच गए तथा चिकित्सक के घर डाला डालकर करीब 50 लाख की संपत्ति लूट कर फरार हो गए। इस कांड पर से पर्दा उठाने के बाद गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है। इस गिरोह में पुलिस मुख्यालय पटना का कर्मी बब्लू सिंह भी जुड़ा हुआ है। जिसे पुलिस ने एक लूटकांड में रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार किया था।
बीते छह जून को शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर डकैतों ने धावा बोल दिया था। चिकित्सक सहित घर के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद डकैत करीब 50 लाख की संपत्ति लूट कर फरार हो गए थे। इस डकैती के बाद पुलिस की विशेष टीम डकैतों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाती रही। लेकिन डकैतों का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। इस बीच मुजफ्फरपुर में भी डकैतों ने एक चिकित्सक के घर डाका डाला। पुलिस की जांच पड़ताल में यह सामने आया कि डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर डकैती डालने वाले गिरोह ने ही मुजफ्फरपुर के चिकित्सक के घर भी डाका डाला है। इसके बाद मुजफ्फरपुर की पुलिस भी जिले के विशेष पुलिस टीम के साथ डकैतों का सुराग लगाने में जुट गई।
11 बदमाशों की गिरफ्तारी से खुला राज:
बीते मंगलवार की रात पटना वैशाली पुलिस तथा गोपालगंज पुलिस की टीम ने 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों में तीन चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर पर हुई डकैती में शामिल थे। इनकी निशानदेही पर जिला पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार की रात सिवान जिले के बसंतपुर बाजार में छापेमारी कर तीन सोनार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने तीन किलो चांदी भी बरामद किया। नगर इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि डकैती कांड में 11 अपराधी शामिल थे। जिसमें से आठ अभी भी फरार हैं। उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया पटना निवासी शैलेश सिंह ने चिकित्सक के घर की मरीज बन कर रैकी की थी। जल्द की इस गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।