Bihar Local News Provider

गोपालगंज : आलोक कुमार सुमन के घर डकैती मामले में तीन सोनार गिरफ्तार

शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.आलोक कुमार सुमन के घर पर भीषण डकैती में शामिल तीन डकैतों के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस ने सिवान जिले के बसंतपुर में छापेमारी कर इस कांड में तीन सोनार को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपित सोनारों ने डकैतों से लूटे गए जेवर खरीदा था। पुलिस गिरफ्तार किए गए तीनों सोनारों से पूछताछ करने के बाद गुरुवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बीते छह जून को शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर डकैतों ने धावा बोल दिया था। चिकित्सक सहित घर के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद डकैत करीब 50 लाख की संपत्ति लूट कर फरार हो गए थे। इस डकैती के बाद पुलिस की विशेष टीम डकैतों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाती रही। लेकिन डकैतों का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। इस बीच मुजफ्फरपुर में भी डकैतों ने एक चिकित्सक के घर डाका डाला। पुलिस की जांच पड़ताल में यह सामने आया कि डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर डकैती डालने वाले गिरोह ने ही मुजफ्फरपुर के चिकित्सक के घर भी डाका डाला है। इसके बाद मुजफ्फरपुर की पुलिस भी जिले के विशेष पुलिस टीम के साथ डकैतों का सुराग लगाने में जुट गई। इस बीच मंगलवार की रात पटना वैशाली पुलिस तथा गोपालगंज पुलिस की टीम ने 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों में तीन चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर पर हुई डकैती में शामिल थे। इनकी निशानदेही पर जिला पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार की रात सिवान जिले के बसंतपुर बाजार में छापेमारी कर तीन सोनार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने तीन किलो चांदी भी बरामद किया। इन पर आरोप है कि उन्होंने डकैतों से जेवरात खरीदा था। गिरफ्तार किए गए आरोपित सोनार बसंतपुर बाजार निवासी विजय कुमार, मंटू कुमार तथा विशाल कुमार बताए जाते हैं। इनसे पूछताछ करने के बाद गुरुवार को पुलिस ने इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
डकैती के दौरान लूटे गए जेवर तथा रिवाल्वर बरामद कर लिया गया है। लेकिन अभी हीरे का जेवर बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जल्द ही हीरे का जेवर भी बरामद करते हुए इस कांड में शामिल अन्य डकैतों को भी गिरफ्तार कर लेगी।
रवि कुमार, नगर इंस्पेक्टर