Bihar Local News Provider

गोपालगंज: जांघ में सरिया घुसने से जख्मी किशोर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

नगर थाने के तुरकहां पुल के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर मंगलवार की शाम सरिया घुसने से जख्मी किशोर की मौत इलाज के दौरान गोरखपुर में हो गई। मृतक नगर थाने के ही सहबजवां गांव के हरि पंडित का आठ वर्षीय पुत्र विक्की कुमार था। विक्की की मौत के बाद शव जैसे ही बुधवार की सुबह उसके दरवाजे पर पहुंची कि परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। परिजनों की चीत्कार से गांव का महौल गमगीन हो गया। परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर उसके दरवाजे पर लोगों व महिलाओं की भीड़ जुट गई। महिलाएं मृतक की मां को काफी समझाने की कोशिश कर रही थीं। मगर उसकी मां के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। रिमझिम बारिश के बाद बुधवार को विक्की का अंतिम संस्कार किया गया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार की शाम विक्की अपने दोस्तों के साथ तुनकहां पुल के समीप खेल रहा था। इस दौरान उसकी जांघ में सरिया घुस गया। इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन, डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया था।