Bihar Local News Provider

गोपालगंज: भूमि विवाद में दिव्यांग व भाई पर चाकू व तलवार से हमला

जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक दिव्यांग युवक पर चाकू तथा तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस बीच अपने भाई को बचाने पहुंचे युवक पर भी हमला कर घायल कर दिया गया। इस घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल भाइयों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि जादोपुर गांव निवासी दरोगा शर्मा के पुत्र शंकर शर्मा दिव्यांग हैं। इनका अपने ही गांव के कुछ लोगों से जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। गुरुवार की सुबह कुछ लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने लगे। जिसकी जानकारी मिलने पर दिव्यांग शंकर शर्मा वहां पहुंच कर जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने लगे। विरोध करने पर इन पर चाकू तथा तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस बीच इन्हें बचाने पहुंचे इनके भाई श्रीराम कुमार को लाठी-डंडा से मारपीट कर घायल कर दिया गया। इस घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल भाइयों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।