Bihar Local News Provider

भोरे: राज्यस्तरीय कुश्ती में भोरे के विजय प्रकाश ने जीता गोल्ड मेडल

कैमूर के सरदार बल्लभ भाई पटेल स्टेडियम में गत 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित राज्यस्तरीय विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में भोरे के पहलवान ने गोल्ड मेडल जीतकर मुम्बई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। यह उपलब्धि मुड़ाडीह गांव के रामसेवक यादव के पुत्र विजय प्रकाश ने अंडर 19 आयु वर्ग में गोपालगंज जिले के लिए हासिल की। उसकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसके साथ ही गोपालगंज जिले के तीन अन्य पहलवानों ने रजत पदक भी प्राप्त किया है। इस प्रकार इस राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गोपालगंज जिले को कुल चार पदक प्राप्त हुए हैं। जिला कुश्ती संघ के महासचिव राम पूजन सहनी ने बताया कि कैमूर में विजय प्रकाश की भिडंत पटना के धीरज कुमार से हुई थी। जिसमें विजय प्रकाश ने धीरज कुमार को हराकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं भोरे के ही शुक्ल रेड़वरिया गांव के हरिशंकर भगत के पुत्र ओमप्रकाश ने 80 किलो वर्ग में वे फुलवरिया थाने के खलवा टोला के पिंटू कुमार यादव ने 45 किलो वर्ग में व शैलेश कुमार यादव ने 50 किलो वर्ग में रजत पदक प्राप्त किए। टूर्नामेंट के दौरान टीम प्रभारी कृष्णा यादव थे। उल्लेखनीय है कि 98 किग्रा भार वर्ग में इससे पूर्व भी विजय प्रकाश ने गोपालगंज को गोल्ड मेडल दिलाया था। विजय प्रकाश की इस सफलता पर लोगों ने उसे बधाई दी है।