Bihar Local News Provider

भोरे: मामूली विवाद में अधेड़ की कुदाल से मारकर हत्या

थाने के पियरौटा गांव में मामूली विवाद को लेकर पति-पत्नी को मारपीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बाद में इलाज के क्रम में पति की मौत गोरखपुर में हो गई। जबकि पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना को अंजाम देकर भाग रहे मुख्य आरोपित को यूपी पुलिस के सहयोग से भवानी छापर में पकड़ लिया। वहीं अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए। बताया गया है कि थाने के पियरौटा गांव में शुक्रवार की देर शाम किशोर राम व उनके पड़ोसी लालजी राम के बीच सरकारी चापाकल के पानी बहाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान लालजी राम, उसकी पत्नी विंदा देवी, पुत्र जयप्रकाश राम व बबलू राम ने किशोर राम व उसकी पत्नी सरिता देवी को बेरहमी से पीटने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लालजी राम के पुत्र जयप्रकाश राम ने नजदीक में ही रखे कुदाल के पिछले हिस्सा से किशोर राम के गर्दन पर प्रहार कर दिया। जिससे किशोर राम की गर्दन टूट गयी। वहीं उनकी पत्नी सरिता देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत ही रेफरल अस्पताल भोरे पहुंचाया। जहां से किशोर राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।