Bihar Local News Provider

भोरे: वृद्ध की फरसा से मारकर हत्या, हमले में पौत्र घायल

देर शाम बथान पर बैठे एक वृद्ध व्यक्ति की फरसा से मार कर हत्या कर दी गई। इस दौरान इनके पौत्र पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल युवक के बयान पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित मृतक के पट्टीदार बताए जाते हैं। वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जाता है। पुलिस अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि खजुरिया गांव निवासी 65 वर्षीय पंचानंद तिवारी का अपने पट्टीदारों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। रविवार की देर शाम पंचानंद तिवारी कटेया थाना क्षेत्र के बरई बेली निवासी सुनील यादव के साथ अपने बथान में बैठकर बात कर रहे थे। पास ही में इनके पौत्र अभिषेक तिवारी बखार में गेंहू डाल रहे थे। इसी बीच पंचानद तिवारी के पट्टीदार अवधेश तिवारी, शेषनाथ तिवारी, राघव तिवारी, रामकिशुन तिवारी, सतीश तिवारी, अजय तिवारी, रंजन तिवारी, धीरज तिवारी, नीरजा देवी, अमृता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रूबी कुमारी तथा गिरिजा तिवारी हरबा हथियार से लैश होकर वहां पहुंच गईं तथा गाली गलौज शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर पंचानंद तिवारी के सिर पर फरसा से हमला कर दिया गया। जिससे वे बेहोश कर गिर पड़े। पास में मौजूद इनके पोता अभिषेक तिवारी पर हमला कर उन्हें अचेत कर दिया गया तथा दोनों को मरा हुआ समझ कर हमलावार वहां से चले गए। इस घटना के कुछ देर बाद ग्रमीणों की नजर अचेत पड़े दादा- पोते पर पड़ा। ग्रामीण दोनों को रेफरल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने पंचानंद तिवारी को मृत घोषित कर दिया। घायल अभिषेक तिवारी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों से इस घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच पुलिस ने वृद्ध शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना को लेकर घायल युवक के बयान पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राघव तिवारी, शेषनाथ तिवारी तथा रंजन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
वृद्ध से बात करने वाला शराब के नशे में गिरफ्तार:
भोरे थाना क्षेत्र के खजुरिया में हुए वृद्ध की हत्या के मामले में अस्पताल परिसर में उनके पोते का बयान दर्ज कर रही पुलिस ने रेफरल अस्पताल परिसर से एक युवक को शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किया गया युवक कटेया थाना क्षेत्र के बरई बेली गांव निवासी सुनील कुमार यादव बताया जाता है। सुनील यादव से ही पंचानंद तिवारी के साथ उनके बथान में बात कर रहा था। इसी दौरान फरसा से हमला कर वृद्ध की हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।