Bihar Local News Provider

भोरे: एक सप्ताह पूर्व अपहृत युवक का शव कुएं से बरामद, एक गिरफ्तार

भोरे थाना के देउरवां गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव कुएं से पुलिस ने बरामद किया। युवक का एक सप्ताह पूर्व अपहरण कर लिया गया था। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर उसका शव बगल के बिलरुआ गांव के पास स्थित सूखे हुए कुएं में फेंक दिया गया है। मृत युवक स्व० मदन सिंह का पुत्र चन्दन कुमार बताया गया है। शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया। मामले के एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
 
मृतक के परिजनों के अनुसार 24 अप्रैल को चंदन कुमार अपने घर पर ही था। इसी बीच उसी गांव के निवासी सरपंच पति आये और उसको बुला कर अपने साथ ले गए। उनके साथ कुछ और लोग भी मौजूद थे। घर से जाने के बाद चंदन लौटकर वापस नहीं आया। पूछताछ करने पर उन लोगों ने संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे थे। तब युवक की मां इंदु देवी ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए सभी पांच के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह बिलरुआ गांव के पास स्थित सूखे कुएं से दुर्गंध आने की जानकारी मिलने पर युवक के परिजनों के साथ ही अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष जंगो राम ने शव को बाहर निकलवाया।
[the_ad id=”11915″]
शव को देखने से ऐसा लग रहा था कि घटना के दिन ही उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। उसके दोनों पैर बंधे हुए थे। उसके बेल्ट और सैंडिल से शव की पहचान हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग और भूमि विवाद को केंद्र मानते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने एक आरोपित हरिभूषण गिरी को हिरासत में भी ले लिया है।