Bihar Local News Provider

भोरे: नहीं मिला फरार ठेकेदार का सुराग, चुनौती बनी गिरफ्तारी

थाना क्षेत्र के खजुरहां मोड़ पर युवक को गोली मारकर घायल किए जाने के बाद फरार ठेकेदार का पुलिस को घटना के चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। उधर इस मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को लिखे पत्र में कहा है कि घटना के समय 48 घंटे के अंदर गोली मारने वाले ठेकेदार की गिरफ्तारी का दावा पुलिस ने किया था। लेकिन चार दिन बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। तीन दिसंबर तक अगर आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन प्रारंभ करने को विवश होंगे।
जानकारी के अनुसार गत 28 दिसंबर की दोपहर भोरे थाना क्षेत्र के खजुरहां में निर्माणाधीन सड़क के ऊपर एक ट्रक का पहिया चढ़ गया था। इसी बात को लेकर ट्रक चालक और मजदूरों के बीच कहा सुनी होने लगी। विवाद बढ़ने के बाद सड़क निर्माण कार्य करा रही एजेंसी बाला जी कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार भोरे निवासी आशुतोष सिंह ऊर्फ टीपू सिंह ने वहां पहुंच कर गोली चला दी। गोली पास ही खड़े युवक पंकज तिवारी को जा लगी। गोली मारने के बाद ठेकेदार वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल पंकज तिवारी को भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक की हालत गंभीर देखकर उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। इस संबंध में घायल पंकज तिवारी के बयान पर पुलिस ने ठेकेदार आशुतोष सिंह उर्फ टीपू सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया। तब पुलिस ने घटना के समय हंगामा कर रहे लोगों को 48 घंटे के अंदर आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस ठेकेदार का पता लगा पाने में नाकाम रही है। पुलिस द्वारा ठेकेदार की गिरफ्तारी नहीं करने से भड़के ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।