Bihar Local News Provider

भोरे: यूपी से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को बोलेरो ने रौंदा

बगही-भोरे पथ पर डुमर गांव के समीप पुल के पास उत्तर प्रदेश से अपने घर लौट रहे एक बाइक सवार युवक को तेज गति से जा रही एक बोलेरो ने रौंद दिया। ग्रामीणों से इस हादसे की सूचना मिलने पर गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को पुलिस ने इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कटेया में भर्ती कराया। जहां घायल युवक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के देवरिया रेफर कर दिया। लेकिन देवरिया ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक सहित फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के कल्हुआड बगही गांव निवासी रामजी साह का पुत्र 25 वर्षीय कृष्णा साह सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भेंगारी बाजार में स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गया था। गुरुवार की रात कृष्णा साह बाइक से अपने घर लौट रहा था। अभी यह डुमर गांव के समीप पुल के पास पहुंचा ही था कि तेज गति से जा रही एक बोलेरो ने बाइक को रौंद दिया। जिससे कृष्णा साह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। इसी बीच सड़क पर तड़प रहे घायल युवक को देख स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कटेया ले गई। जहां युवक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। हादसे के शिकार बने युवक की शादी आठ माह पूर्व हुई थी। युवक खाड़ी देश में काम करता था। वह कुछ दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर अपने घर आया था।बताया जाता है कि युवक को रौंदने के बाद चालक बोलेरो सहित फरार हो गया। मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर पुलिस फरार बोलेरो चालक की तलाश कर रही है।