Bihar Local News Provider

बरौली में बाइक सवार अपराधियों ने युवक को मारी गोली

प्रखंड मुख्यालय बरौली में स्थित बरौली थाना से महज पांच सौ मीटर दूरी पर रविवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दिया। पेट को छूते हुए गोली निकल जाने से युवक बाल-बाल बच गया। इस वारदात की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में कराया। युवक का बयान दर्ज कर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि बरौली थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी प्रह्लाद पंडित के पुत्र अरुण कुमार रविवार की शाम किसी काम से बरौली बाजार गए थे। रात के करीब नौ बजे युवक बरौली बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहा था। अभी यह बरौली थाना से पांच सौ मीटर की दूरी पर पहुंचा था कि तभी एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने युवक को गोली मार दिया। गोली मारने के बाद अपराधी सोनवर्षा गांव की तरफ फरार हो गए। हालांकि पेट को छूते हुए गोली निकल जाने से युवक अरुण कुमार बाल-बाल बच गया। इस बीच गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया। घायल युवक के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।