Bihar Local News Provider

बरौली के रामनगर में भूमि विवाद में युवक को गोली मारी

बरौली थाना क्षेत्र के रामनगर में बुधवार की देर शाम एक युवक को भूमि विवाद में गोली मार दिया गया। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव निवासी चंद्रिका भगत का कुछ लोगों से जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम चंद्रिका भगत का पुत्र चंचल भगत रामनगर बाजार गया था। वहां एक दुकान पर पकौड़ी खाने के बाद यह बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी एक बाइक सवार तीन अपराधियों ने युवक को घेर लिया तथा पीछे से फायरिंग कर दिया। जिससे पीठ में गोली लगने से चंचल भगत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस युवक का बयान दर्ज कर अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।