Bihar Local News Provider

बरौली: पंचायती के दौरान महिला की पीट कर हत्या

बरौली थाने के जलपुरवा गांव में पंचायती के दौरान पीट-पीटकर एक महिला की हत्या कर दी गई। वहीं मारपीट में आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी भी हो गए। मृतका जोनिया देवी बिजली महतो की पत्नी थी। जख्मी लोगों में मृतका के पति बिजली महतो, शिव महतो, जलेश्वर महतो, रीता देवी, हरेराम महतो, भूलन महतो व वंगेश्वर महतो शामिल हैं। सभी जख्मी लोगों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। महिला की हत्या की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इस दौरान हत्या के आठ आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। बताया गया है कि जमीन विवाद को लेकर जलपुरवा गांव में मंगलवार को पंचायती हो रही थी। पंचायती के दौरान ही जोनिया देवी के घरवाले विवादित जमीन पर जबरन बखार रखने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडा व चाकू चलने लगा। इसमे एक जोनिया देवी की मौत हो गई। वहीं अन्य लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने घटना के बाद सवितादेवी, मंजू देवी, दिल कुमारी देवी, विवेक महतो, उमेश कुमार, राजू महतो, बच्चा महतो व मुकेश कुमार को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।