Bihar Local News Provider

बैकुंठपुर: हत्यारों की शिकार महिला की हुई शिनाख्त, पति पर प्राथमिकी दर्ज

महम्मदपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर छरकी पर हत्यारों की शिकार बनी अज्ञात महिला की पुलिस ने शिनाख्त कर लिया है। इस महिला की उसके पति तथा ससुराल वालों ने मिलकर छरकी पर ले जाकर चाकू से गोद कर हत्या कर दिया था। मृतका की शिनाख्त होने के बाद उसकी मां ने अपनी बेटी के पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
मंगलवार को सलेहपुर छरकी पर एक महिला की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों की शिकार बनी इस महिला शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस मृतका की शिनाख्त करने में जुटी थी कि इसी बीच थाना पहुंची सिवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी हसीना बीबी ने हत्यारों की शिकार बनी महिला की शिनाख्त अपनी बेटी कसीना खातून के रूप में किया। इन्होंने पुलिस को बताया कि कसीना खातून की शादी बैकुठंपुर थाना क्षेत्र के सफीयाबाद गांव निवासी बाबूद्दीन मियां से हुई थी। शादी के बाद से उनकी बेटी का अपने पति से विवाद शुरू हो गया। इसको लेकर दोनों के बीच केस भी चल रहा था। इसी बीच मंगलवार को कसीना खातून को सलेहपुर छरकी पर ले जाकर चाकू से गोद कर उनकी हत्या कर दिया गया। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर उनकी बेटी के पति बाबूद्दीन मियां सहित ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।